दीप नगर में कथित अवैध कॉलोनी को लेकर शिकायत, 5 एकड़ कृषि भूमि पर प्लॉट काटने का आरोप, सत्ताधारी दल के स्थानीय नेता की कथित शह पर भी उठे सवाल

जालंधर, 7 सितंबर (विष्णु): जालंधर कैंट के दीप नगर-रहमानपुर रोड पर सेंट जोसेफ स्कूल के समीप करीब 5 एकड़ कृषि भूमि पर कथित तौर पर अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया है। एक आरटीआई एक्टिविस्ट ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कृषि भूमि का चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) करवाए बिना ही कॉलोनी विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया है। मौके पर सड़कें निकालने और प्लॉट काटे जाने का भी दावा किया गया है। शिकायत के मुताबिक, कथित कॉलोनाइजर द्वारा कॉलोनी का नक्शा तैयार कर कार्यालय में लगाया गया है।

3.50 लाख रुपये तक प्लॉट की कीमत बताए जाने का दावा

शिकायत में दावा किया गया है कि कॉलोनी में एक प्लॉट की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा मुख्य सड़क की ओर करीब 13 से 14 कमर्शियल प्लॉट काटे जाने का भी आरोप लगाया गया है।

‘कॉलोनी पास है’ बताकर खरीदारों को भरोसा देने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, संभावित खरीदारों को कथित तौर पर कॉलोनी पास होने तथा प्लॉट की रजिस्ट्री में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने का भरोसा दिया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की संबंधित सरकारी विभागों या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सत्ताधारी दल के स्थानीय नेता की कथित शह का आरोप

मामले में एक स्थानीय सत्ताधारी दल के नेता की कथित राजनीतिक शह का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में आरोपों की वास्तविकता संबंधित विभागों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

नगर निगम से रिकॉर्ड की जांच की मांग

आरटीआई एक्टिविस्ट ने नगर निगम समेत संबंधित विभागों से कॉलोनी की मंजूरी, CLU, लेआउट प्लान और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करवाने की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि जांच में निर्माण या कॉलोनी नियमों के विपरीत पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अब इस शिकायत पर नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है। विभागीय जांच और रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद ही स्पष्ट होगा कि उक्त भूमि पर कॉलोनी विकसित करने के लिए सभी आवश्यक मंजूरियां ली गई हैं या नहीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *