भुलत्थ में 15 से 20 अक्टूबर तक गूंजेगा मां की पावन ज्योतियों का प्रकाश

जालंधर (विष्णु)। भुलत्थ में इस वर्ष श्रद्धा और अध्यात्म का भव्य संगम देखने को मिलेगा। श्री सिद्धशक्ति पीठों से मां की पावन ज्योतियों के आगमन को लेकर 15 से 20 अक्टूबर 2026 तक ‘नूर ज्योतां वाली दा 2026’ धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जे.एम.डी. सेवादार परिवार, भुलत्थ की ओर से करवाया जा रहा है।
आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री राकेश सिधाना, नगर पंचायत भुलत्थ के प्रधान रशपाल शर्मा, बलदेव सिद्धू, राजा खुल्लर, साबी अल्लड़, बनारसी दास और अशोक कोछड़ सहित अन्य आयोजकों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजन के दौरान 22 श्री सिद्धशक्ति पीठों से मां की पावन ज्योतियां भुलत्थ पहुंचेंगी। प्रचार सामग्री के अनुसार, इन पावन ज्योतियों की धार्मिक यात्रा करीब 7,000 किलोमीटर की दूरी तय कर भुलत्थ पहुंचेगी। आयोजकों ने इसे पंजाब के धार्मिक इतिहास में एक विशेष एवं यादगार अवसर बताया है।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश स्थित श्री बाबा बालक नाथ जी की दिव्य ज्योति गुफा से भी लगभग 150 किलोमीटर की धार्मिक यात्रा का उल्लेख किया गया है। आयोजन के दौरान मां की पावन ज्योतियों के दर्शन, धार्मिक अनुष्ठान और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र की संगत और समस्त श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस पावन धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और मां की पावन ज्योतियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करें। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *