2.5 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, SHO गुलशन कुमार एक लाख रुपये लेते गिरफ्तार

पठानकोट (विष्णु): पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने पठानकोट जिले के धार कलां थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर गुलशन कुमार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता का नाम एक आपराधिक मामले से बाहर निकालने के बदले 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तार किए जाने के समय वह कथित तौर पर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये ले रहा था।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के मुताबिक, अमृतसर निवासी एक सेवानिवृत्त एलआईसी मैनेजर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के छोटे भाई का गांव ढांगू सारा स्थित मधुबन रेस्टोरेंट में कुछ लोगों के साथ झगड़ा हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों को मामूली चोटें आई थीं। मामले में धार कलां थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें शिकायतकर्ता का नाम भी संदिग्ध के तौर पर सामने आया था।

पांच लाख रुपये से शुरू हुई मांग, ढाई लाख में हुआ सौदा

शिकायत के अनुसार, इंस्पेक्टर गुलशन कुमार ने शिकायतकर्ता का नाम मामले से हटाने के बदले कथित तौर पर पांच लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता के अनुरोध के बाद यह रकम 2.5 लाख रुपये तय हुई। आरोप है कि शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित बातचीत रिकॉर्ड कर ली और इसकी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो की अमृतसर रेंज से की।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस यूनिट पठानकोट ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में एसएचओ को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर काबू कर लिया गया। विजिलेंस टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज

विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ विजिलेंस थाना अमृतसर में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *