टायर पंक्चर का बहाना बनाकर 10 लाख की लूट, भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक को बनाया निशाना

जालंधर, 2 सितंबर। महानगर जालंधर में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अड्डा होशियारपुर स्थित प्रसिद्ध भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक से कथित तौर पर 10 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग लूट लिया गया। वारदात केसरी पेट्रोल पंप के पास हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक शरण पाल सिंह बुधवार रात दुकान से अपने घर की ओर जा रहे थे। जब वह PNB चौक की रेड लाइट पर पहुंचे तो उनकी कार के टायर की हवा निकल गई। इसके बाद वह कार को पंक्चर लगवाने के लिए केसरी पेट्रोल पंप पर ले गए।

बताया जा रहा है कि पंक्चर लगाने वाले ने जब टायर की जांच की तो शरण पाल सिंह कार से उतरकर पीछे की ओर टायर देखने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर एक युवक ने कार की सीट पर रखा बैग उठाया और मौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार बैग में करीब 10 लाख रुपये नकद थे।

वारदात के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने पीड़ित की मदद की और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पेट्रोल पंप संचालकों की ओर से घटना से संबंधित CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध लुटेरे की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी है। टायर पंक्चर होने से लेकर बैग गायब होने तक की पूरी घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *