बूटा मंडी में खूनी तांडव: बेटे के सामने पिता को चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट, बेटा भी गंभीर

जालंधर (विष्णु): जालंधर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा बूटा मंडी में हुई दिल दहला देने वाली वारदात से लगाया जा सकता है। शुक्रवार रात एक्टिवा पर घर लौट रहे पिता-पुत्र को रास्ते में घेरकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने पिता सतपाल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी, जबकि अपने पिता को बचाने की कोशिश कर रहा बेटा रोहनप्रीत भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
रोहनप्रीत के मुताबिक, वह अपने पिता सतपाल के साथ एक्टिवा पर घर लौट रहा था। इसी दौरान यू-टर्न लेते समय आरोपी अजय ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रोहनप्रीत ने शोर मचाकर मदद मांगी, लेकिन उसके अनुसार कोई भी सहायता के लिए आगे नहीं आया। हमलावरों ने सतपाल की गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकुओं से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में घायल रोहनप्रीत को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सिटी स्कैन के दौरान उसकी सांस की नली को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। एक तरफ पिता की हत्या और दूसरी तरफ बेटे का अस्पताल में जिंदगी-मौत से संघर्ष करना परिवार पर दुखों का पहाड़ बनकर टूटा है।
परिजनों ने हमलावरों की पहचान अजय कलेर और अमरजीत कलेर के रूप में की है। परिवार का कहना है कि मृतक सतपाल की आरोपियों के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अजय नशे का आदी है और बूटा मंडी में वेल्डिंग का काम करता है। उनका यह भी आरोप है कि वह पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के कारण उसके हौसले बढ़ते गए।
इस वारदात ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेराह पिता की हत्या और बेटे को गंभीर रूप से घायल कर फरार हुए हमलावरों को लेकर लोगों में भारी रोष है। परिवार ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *