


जालंधर, 5 सितंबर (विष्णु): पंजाब प्रेस क्लब की गवर्निंग काउंसिल ने दिल्ली में दो महिला पत्रकारों शाहीन खान और नफीसा खान के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा कथित तौर पर की गई मारपीट एवं दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की है। क्लब ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों महिला पत्रकार दिल्ली के साकेत क्षेत्र में एक सरकारी कार्यक्रम की कवरेज कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल पूछने का प्रयास किया। पत्रकारों का आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और साकेत थाने में उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके धर्म को लेकर पूछताछ की तथा मुस्लिम होने के कारण उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया।
पंजाब प्रेस क्लब गवर्निंग काउंसिल ने कहा कि पत्रकार का काम सवाल पूछना, सच्चाई सामने लाना और जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाना है। सवाल पूछना कोई अपराध नहीं है। किसी पत्रकार के साथ धर्म, जाति, लिंग अथवा विचारधारा के आधार पर भेदभाव या हिंसक व्यवहार प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
क्लब ने मांग की कि मामले की स्वतंत्र जांच करवाकर सच्चाई सामने लाई जाए। यदि जांच में पत्रकारों के साथ मारपीट या धार्मिक आधार पर भेदभाव के आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए।
हालांकि, पंजाब प्रेस क्लब ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है। पुलिस के अनुसार दोनों महिला पत्रकारों को महत्वपूर्ण रूट पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कारणों के चलते थाने लाया गया था। ऐसे में क्लब ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच को जरूरी बताया है।
पंजाब प्रेस क्लब की गवर्निंग काउंसिल ने स्पष्ट किया कि प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करना प्रत्येक लोकतांत्रिक संस्था की जिम्मेदारी है। पत्रकारों को बिना किसी डर, दबाव या भेदभाव के अपना पेशेवर दायित्व निभाने के लिए सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।
इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सैनी, महासचिव पुनीत सहगल, सी.मी. अध्यक्ष राजेश थापा, कोषाध्यक्ष शिव शर्मा, उपाध्यक्ष तेजिंदर कौर थिंद, परमजीत सिंह रंगपुरी, मनदीप शर्मा, सचिव राजेश योगी तथा संयुक्त सचिव सुक्रांत सफरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
![]()
