


जालंधर, 13 सितंबर (विष्णु): थाना डिवीजन नंबर-5 के अधीन मनजीत नगर में पिछले कई दिनों से गाड़ियों के शीशे तोड़कर सामान चोरी किए जाने की घटनाओं से परेशान लोगों का गुस्सा रविवार को उस समय फूट पड़ा, जब दो नाबालिगों को कथित तौर पर गाड़ी से सामान चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
दोनों को पकड़ने के बाद लोगों ने उन्हें एक खंभे से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी। मौके पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों नाबालिगों से कथित चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।
इलाके के लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया जा रहा था। चोर गाड़ियों के शीशे तोड़कर अंदर रखा सामान लेकर फरार हो जाते थे। रविवार को लोगों ने कथित तौर पर दोनों को चोरी करते देख लिया और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिगों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी गिरोह का हिस्सा हैं या अकेले ही वारदातों को अंजाम दे रहे थे तथा इलाके में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से उनका कोई संबंध है या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()
