


जालंधर (विष्णु): कार्तिक मास की पावन बेला में श्री गौर हरि संकीर्तन मंडल की ओर से ग्रेटर कैलाश में प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभातफेरी श्री नरेश तलवार एवं हनी तलवार के निवास स्थान से आरंभ हुई। प्रभातफेरी के दौरान राधा-कृष्ण के मधुर भजनों और हरिनाम संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु प्रभु के नाम की मस्ती में झूमते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए। 
संकीर्तन का शुभारंभ यांकिल कोहली, गोबिंद शर्मा, सनी दुआ, तापस प्रभु, निताई दास, हर्ष शर्मा और दीपक शर्मा ने मंगलाचरण, गुरु वंदना, वैष्णव वंदना एवं पंचतत्त्व वंदना के साथ किया।
इस अवसर पर पूज्यपाद प्रबोधानंद दास गोस्वामी महाराज ने अपने प्रवचनों में कहा कि मनुष्य जीवन में कार्तिक मास के दौरान नियमपूर्वक सेवा करने का सौभाग्य मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पवित्र मास को व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए, बल्कि भगवान के नाम, गुणों और उनकी अद्भुत लीलाओं का स्मरण करना चाहिए। इससे हृदय में भक्ति का अंकुर प्रस्फुटित होता है और जीवन प्रभु की कृपा से सार्थक बनता है।
महाराज जी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ कलियुग के आराध्य देव हैं। जीवन में चाहे कितने भी कष्ट, दुख और संताप क्यों न आएं, प्रभु के नाम का सिमरन ही मनुष्य को आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करता है और भवसागर से पार लगाने का मार्ग दिखाता है।
इसके उपरांत महाराज जी ने ‘जय गोविंद, जय गोपाल’ संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। तापस प्रभु ने ‘जय जय राधा रमण गिरिधारी, गिरिधारी श्याम बनवारी’, जबकि अश्वनी सेठी ने ‘मिश्री से मीठा नाम, हमारी राधा रानी को’ भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बनाया।
विशाल ढल्ल ने ‘जगन्नाथ स्वामी, जगन्नाथ स्वामी’, ‘श्री राधा जी तो मेरी हैं’ और ‘मेरो है बरसाना’ जैसे भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान हरे कृष्ण महामंत्र के सामूहिक जाप से पूरा क्षेत्र राधा-कृष्ण की भक्ति में रंगा नजर आया। संकीर्तन के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने प्रभु का स्मरण करते हुए मंगलमय वातावरण में प्रभातफेरी को विश्राम दिया।
प्रभातफेरी के दौरान तलवार परिवार ने श्रद्धालुओं के साथ पूरे क्षेत्र की परिक्रमा कर प्रभु भक्ति का संदेश दिया। प्रभातफेरी का स्वागत सरोज बाला तलवार, नमन तलवार, हनी तलवार, टीना शाह, शशि कोहली, नारंग परिवार, बलदेव अनेजा, सृष्टि, शर्मा परिवार, शाह परिवार, नीरज कश्यप सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया।
राधा नाम संकीर्तन की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस मंगलमय आयोजन को सफल बनाने में बॉबी मेहता, लक्की, राजू कश्यप, राज, विपन कुमार, सागर, निखिल मेहरा, सनी दुआ, आकाश मल्होत्रा, हर्ष शर्मा, गोबिंद शर्मा, मुकेश कुमार, स्वप्न, संजय कालिया, पवन कुमार, साहिल, मिंटू, रोहन, पूर्ण सिंह, सुरिंदर, विक्की, विपुल सिसोदिया, संजीव, पारस, हरीश, मनु, गौरक्ष दुआ, अंजना, रिद्धिमा, पल्लवी, निधि, वल्लभी और मधु सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहयोग दिया। सभी भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर ठाकुर जी का स्मरण किया और प्रभु भक्ति का आनंद लिया।
![]()
