


- जालंधर (विष्णु): कार्तिक मास की पावन बेला में श्री गौर हरि संकीर्तन मंडल की ओर से शिव नगर, सोढल के निकट मंगलमय प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। प्रभातफेरी गोपाल मन्नन के निवास स्थान से हरिनाम संकीर्तन के साथ आरंभ हुई। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘राधे-राधे’ और ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए प्रभु भक्ति में लीन नजर आए।

संकीर्तन का शुभारंभ समीर कक्कड़, अश्विनी मिनटा, विशाल ढल्ल, दीपक शर्मा, गोविंद शर्मा, आदर्व शर्मा, महावीर, निखिल, सनी दुआ, गौरक्ष दुआ, तापस प्रभु और निताई दास ने मंगलाचरण, गुरु वंदना एवं वैष्णव वंदना के साथ किया। ठाकुर जी की पालकी की सेवा वासु नागपाल और शुभम शर्मा ने निभाई।
तापस प्रभु ने ‘राधे-राधे गोविंद, गोविंद राधे’ के मधुर संकीर्तन से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। इस अवसर पर अश्विनी मिनटा ने ‘मेरा कोई न सहारा बिन तेरे, नंदलाल सांवरिया मेरे’ जैसे भजनों के माध्यम से राधा नाम की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि कलियुग में हरिनाम ही जीव का सच्चा सहारा है। कार्तिक मास में भगवान का भजन, ठाकुर जी को दीपदान और ब्रह्म मुहूर्त में उठकर प्रभु की सेवा करने का विशेष महत्व है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नियमित रूप से हरिनाम संकीर्तन करने और भगवान की भक्ति में समय लगाने के लिए प्रेरित किया।
आदित्य मग्गो ने राधा नाम के उच्च स्वर में संकीर्तन से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। वहीं, विशाल ढल्ल ने ‘नारायण-नारायण, दीन दयाल’ और ‘जय जगदीश हरे’ के संकीर्तन के पश्चात हरे कृष्ण महामंत्र के साथ प्रभातफेरी को भक्तिमय विराम दिया।
प्रभातफेरी गोपाल मन्नन के निवास स्थान से रवाना होकर शिव मंदिर पहुंची। इसके बाद भारत भूषण धीर, पूर्व पार्षद भूषण कोहली, हर्ष गुलाटी, गोपाल मन्नन, अशोक गुप्ता, जॉनी गुप्ता, विकास वर्मा और सोनू अग्रवाल के निवास स्थानों पर पहुंची। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर प्रभातफेरी का भव्य स्वागत किया। हरिनाम संकीर्तन की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते हुए प्रभु भक्ति का आनंद लेते रहे।
इस मंगलमय अवसर पर अश्विनी मिनटा, राजन शर्मा, संजय कालिया, आकाश मल्होत्रा, हर्ष शर्मा, गोविंद शर्मा, आदर्व शर्मा, विपुल सिसोदिया, राकेश मग्गो, अश्विनी सेठी, वासु नागपाल, जतिन नागपाल, आदित्य मग्गो, सनी दुआ, बॉबी मेहता, महावीर, हेमंत ढल्ल, राकेश महाजन, समीर कक्कड़, निताई, सागर, निखिल, रॉनी, देव, प्रोमिला अग्रवाल, सोहन लाल, पूजा अग्रवाल, नीतू सिंगला, राधिका भल्ला, बृज सैखड़ी, राधिका मन्नन, नीलम सैनी और बबीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रविवार को ग्रीन मॉडल टाउन और सोमवार को ग्रेटर कैलाश में होगी प्रभातफेरी
मंडल के सेवादार आकाश मल्होत्रा ने बताया कि रविवार को प्रभातफेरी ग्रीन मॉडल टाउन स्थित चड्ढा निवास से आरंभ होगी, जबकि सोमवार को ग्रेटर कैलाश में प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर हरिनाम संकीर्तन का लाभ लेने की अपील की।
![]()
