जालंधर के अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी श्रेयांश जैन की ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ में गोल्डन हैट्रिक!

जालंधर, (विष्णु): जालंधर के उभरते अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी श्रेयांश जैन ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ सीजन-4 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पंजाब के 23 जिलों की टीमों के बीच आयोजित मुकाबले में श्रेयांश जैन और उनकी टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
इस शानदार जीत के साथ ही श्रेयांश जैन ने लगातार तीन वर्षों तक गोल्ड मेडल जीतकर गोल्डन हैट्रिक पूरी कर ली है। उनकी इस उपलब्धि से जालंधर के खेल जगत में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल, प्रमाणपत्र और ₹10,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
श्रेयांश जैन की इस सफलता पर खेल जगत से जुड़े लोगों, स्कूल प्रबंधन, अध्यापकों, कोच और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्रेयांश की लगातार तीसरी स्वर्णिम जीत ने एक बार फिर साबित किया है कि मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर खेलों में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *