


जालंधर, 28 सितंबर (विष्णु): जालंधर के 13 वर्षीय प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी श्रेयांश जैन ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में 26 व 27 सितंबर को आयोजित FIDE रेटेड अंतरराष्ट्रीय रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता में देश-विदेश के कुल 1,524 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नाइजीरिया और संयुक्त राज्य अमेरिका सहित कई देशों के खिलाड़ी भी शामिल हुए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच श्रेयांश जैन ने ब्लिट्ज ओपन में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1700 से 1850 FIDE रेटिंग श्रेणी में चौथा स्थान हासिल किया।
श्रेयांश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस मुकाबले में कई अनुभवी खिलाड़ियों के बीच अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया। उनके शानदार प्रदर्शन का लाभ उन्हें FIDE रेटिंग में भी मिला और उन्होंने 59 से अधिक अंतरराष्ट्रीय FIDE रेटिंग अंक अर्जित किए। इसके अलावा प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें 4,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
महज 13 वर्ष की उम्र में ओपन वर्ग में देश-विदेश के खिलाड़ियों के बीच यह उपलब्धि हासिल करना श्रेयांश की निरंतर मेहनत, लगन और शतरंज के प्रति समर्पण को दर्शाता है। वह इससे पहले भी विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
श्रेयांश की इस उपलब्धि से जालंधर के शतरंज जगत में खुशी की लहर है। उनके परिवार, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और शुभचिंतकों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। श्रेयांश की सफलता जालंधर और पंजाब के अन्य युवा शतरंज खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।
![]()
