


श्री मुक्तसर साहिब, 12 नवंबर (विष्णु)। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव अरमानजोत बराड़ के श्री मुक्तसर साहिब पहुंचने पर आयोजित भव्य स्वागत समारोह ने क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी। दिल्ली से गृह क्षेत्र पहुंचे अरमानजोत बराड़ के स्वागत में हजारों समर्थक जुटे। सैकड़ों वाहनों के काफिले और शहर में जगह-जगह हुए अभिनंदन समारोह ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बना दिया।
इस दौरान पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़ की मौजूदगी भी विशेष रूप से चर्चा में रही। राजनीतिक हलकों में अरमानजोत बराड़ की नियुक्ति और उनके स्वागत समारोह को श्री मुक्तसर साहिब में भाजपा के युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। कभी अकाली दल और कांग्रेस के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में भाजपा की बढ़ती संगठनात्मक गतिविधियां भी राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बनी हुई हैं।
राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे अरमानजोत बराड़ का समर्थकों और स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। विशाल काफिले के साथ वह सबसे पहले दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद ऐतिहासिक गुरुद्वारा टूटी गंडी साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।
शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से उनका सम्मान किया गया। अनेक निहंग सिंह जत्थेबंदियों, मार्केट यूनियनों और व्यापार मंडलों ने सिरोपा भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

छात्र राजनीति से भाजपा के राष्ट्रीय संगठन तक का सफर
अरमानजोत बराड़ ने अपने सार्वजनिक राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी। पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में छात्र राजनीति के दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंजाब में प्रदेश महामंत्री सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया। इस नियुक्ति के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
उनके पिता पिंदर बराड़ भी पिछले लगभग 35 वर्षों से गांव स्तर पर सरपंच के रूप में जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। परिवार की क्षेत्र में लंबे समय से सक्रियता और अरमानजोत बराड़ की राजनीतिक यात्रा को उनकी नई जिम्मेदारी के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2027 में भाजपा सरकार बनाने का किया आह्वान
स्वागत समारोह में मिले समर्थन पर अरमानजोत बराड़ ने श्री मुक्तसर साहिब के निवासियों, युवाओं, बुजुर्गों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की सेवा करने का जो अवसर मिला है, उसमें श्री मुक्तसर साहिब के लोगों का प्यार, आशीर्वाद और सहयोग शामिल है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने हमेशा उन्हें प्रोत्साहित किया है और उनका यह विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने तथा पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के लिए सहयोग देने की अपील की।
कई प्रमुख राजनीतिक एवं संगठनात्मक हस्तियां रहीं मौजूद
इस अवसर पर पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़, भाजपा युवा मोर्चा पंजाब के प्रदेश लीगल सेल सह-संयोजक एडवोकेट अर्जुन त्रेहन, भाजपा जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंगेवाला, गुरचरण सिंह संधू, अरविंद पढ़ेला, अश्वनी गिरधर, संदीप गिरधर, राजेश पठेला और पूर्व विधायक भाई हरनिरपाल सिंह कुक्कू सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अरमानजोत बराड़ के स्वागत समारोह में उमड़ी भीड़ और विभिन्न संगठनों की भागीदारी ने श्री मुक्तसर साहिब में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को चर्चा में ला दिया है। अब आगामी दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई जिम्मेदारी के बाद अरमानजोत बराड़ क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।
![]()
