


जालंधर (विष्णु): बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन, चंडीगढ़ सर्कल ने सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को मांगपत्र सौंपकर केंद्र सरकार से इस दिशा में जल्द फैसला लेने की अपील की है।
इस मौके पर एसोसिएशन के रीजनल सचिव रमेश भगत, गुरमेल सिंह, सुरजीत कुमार, दीपक शर्मा, नितिन अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने मांग उठाई कि जिस प्रकार महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं, उसी तर्ज पर महीने के सभी शनिवारों को अवकाश घोषित किया जाए और पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को जल्द लागू किया जाए।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) की ओर से 12 जुलाई 2023 को प्रस्ताव दिया जा चुका है। वहीं, 8 मार्च 2024 को हुए समझौते में भी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की सिफारिश शामिल है। इसके बावजूद अभी तक इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। मामले पर विचार के लिए IBA और बैंक यूनियनों की उच्चस्तरीय समिति भी गठित की जा चुकी है।
आगूओं ने कहा कि बैंक कर्मचारियों पर लगातार बढ़ रहे काम के दबाव को देखते हुए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समय की जरूरत बन गया है। इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और कार्यक्षमता में सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पांच दिन कामकाज लागू होने की स्थिति में जरूरत के अनुसार कार्यदिवसों में काम के घंटे बढ़ाकर कुल कार्य अवधि को बरकरार रखा जा सकता है। वहीं, UPI, ATM और ऑनलाइन बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं पहले की तरह निर्बाध जारी रहेंगी।
एसोसिएशन ने सांसद चरणजीत सिंह चन्नी से आग्रह किया कि वह इस मांग को केंद्रीय वित्त मंत्री और वित्तीय सेवा विभाग के समक्ष उठाएं। साथ ही संसद में सवाल अथवा जीरो आवर के माध्यम से बैंक कर्मचारियों की आवाज बुलंद करते हुए केंद्र सरकार पर जल्द निर्णय लेने और आधिकारिक अधिसूचना जारी करने के लिए दबाव बनाएं।
![]()
