


जालंधर, 30 अक्टूबर (विष्णु): जालंधर में बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दो आर्मी पब्लिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के साथ-साथ रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। धमकी भरे ई-मेल में जिस तरह स्कूलों, रेलवे नेटवर्क और सार्वजनिक कार्यक्रमों को निशाना बनाने का जिक्र किया गया है, उससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ई-मेल में जालंधर के दो आर्मी पब्लिक स्कूलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा 1 नवंबर को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सफर न करने की चेतावनी भी दी गई है। ई-मेल में अमृतसर, फिरोजपुर, लुधियाना और बठिंडा के रेलवे ट्रैक पर आईईडी ब्लास्ट करने की बात कही गई है।
इतना ही नहीं, संगरूर में राहुल गांधी से जुड़े कार्यक्रम में भी विस्फोट करने की धमकी का उल्लेख किया गया है। ई-मेल में स्कूलों में दोपहर 12 बजकर 11 मिनट पर धमाके किए जाने की चेतावनी दी गई थी।
धमकी की सूचना सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन सतर्क हो गए। स्कूल परिसरों और संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच की जा रही है। वहीं, धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
स्कूलों से लेकर रेलवे नेटवर्क तक निशाने पर होने की धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अब जांच एजेंसियों की नजर इस बात पर है कि यह धमकी महज दहशत फैलाने की कोशिश है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश छिपी है।
![]()
