जालंधर में तीन दिवसीय तबलीगी इज्तिमा का समापन, अमन और भाईचारे का दिया पैगाम

जालंधर (विष्णु): जालंधर में आयोजित तीन दिवसीय सालाना तबलीगी इज्तिमा अमन, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समागम के समापन अवसर पर जालंधर के मेयर वनीत धीर और सेंट्रल हलके से नितिन कोहली विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मुस्लिम समाज को धार्मिक समागम के सफल आयोजन पर मुबारकबाद दी और शहर में कायम आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता की सराहना की।
इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी कलीम आजाद ने समागम में पहुंचे तमाम मेहमानों, उलेमा-ए-किराम और शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से किए गए पुख्ता प्रबंधों तथा मिले सहयोग के चलते तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इसके लिए उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का विशेष धन्यवाद किया।
तीन दिनों तक चले इस धार्मिक समागम में वक्ताओं ने इंसानियत की सेवा, आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में नफरत और फिरकापरस्ती के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। मोहब्बत, आपसी सहयोग और सद्भाव से ही देश की एकता और मजबूती कायम रखी जा सकती है।
समागम के अंतिम दिन सामूहिक दुआ का आयोजन किया गया, जिसमें देश, पंजाब और जालंधर की तरक्की, खुशहाली, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
इस अवसर पर हाजी शकील, मोहम्मद शकील, मोहम्मद अली, मोहम्मद निराले, मोहम्मद सलीम, अनीस अहमद, अली अहमद, अकबर अली, मंसूर आलम, मौलाना नौशाद, मौलाना आसिफ, अलाउद्दीन, चांद मोहम्मद, सत्तार ठेकेदार (नकोदर), हाजी अहमद (करतारपुर), हैदर अली, लियाकत गुर्जर, रांझा गुर्जर, आलमगीर गुर्जर, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद जसीम, मोहम्मद सरताज, मोहम्मद सिकंदर और मोहम्मद हकीम सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
इसके अलावा एडवोकेट मोहम्मद रफीक आजाद, एडवोकेट मोहम्मद अली आजाद, एडवोकेट आसिफ, पूर्व पार्षद बालकिशन बाली, गगन बाली, पार्षद लव और पप्पी प्रधान सहित अनेक स्थानीय प्रतिनिधियों और शहरवासियों ने शिरकत की। समागम ने एक बार फिर जालंधर में आपसी सौहार्द और भाईचारे की मजबूत परंपरा को उजागर किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *