इनोसेंट हार्ट्स के पांचों कैंपसों में श्रद्धा से मनाया गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व

जालंधर, (विष्णु): इनोसेंट हार्ट्स के पांचों कैंपसों में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्री-प्राइमरी विंग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर गुरु साहिब की शिक्षाओं को नमन किया।
ग्रीन मॉडल टाउन, लोहारां, कैंट-जंडियाला रोड, नूरपुर रोड और कपूरथला रोड स्थित स्कूल परिसरों में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुद्वारा साहिब से आए सेवादारों द्वारा पवित्र अरदास के साथ किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने हाथ जोड़कर अरदास में हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा वातावरण आध्यात्मिकता और श्रद्धा से सराबोर हो गया।
शिक्षकों ने बच्चों को गुरुपर्व के महत्व से अवगत करवाते हुए श्री गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को शांति, समानता, प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश देते हुए आपसी भाईचारे की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। स्कूल परिसर ‘वाहेगुरु-वाहेगुरु’ के पावन सिमरन से गूंज उठे।
इस अवसर पर बच्चों को गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों—नाम जपो, किरत करो और वंड छको के बारे में भी बताया गया। उन्हें समझाया गया कि ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और जरूरतमंदों के साथ मिल-बांटकर रहने से ही जीवन में सच्चे मानवीय मूल्यों का विकास होता है।
कार्यक्रम का समापन आध्यात्मिक एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों को गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा सत्य, प्रेम, दया और निःस्वार्थ सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *