नन्हे कदमों ने दिखाया सशक्त भारत का सपना, ‘वाइवेशस वाइब्रेंस 2026-27’ में बिखरे प्रतिभा के रंग

जालंधर: इनोसेंट हार्ट्स स्कूल, ग्रीन मॉडल टाउन में कक्षा एल.के.जी. के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, ऊर्जा और आत्मविश्वास को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘वाइवेशस वाइब्रेंस 2026-27’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नन्हें कदम–सशक्त भारत’ तथा ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ रही। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक, योग एवं शारीरिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में स्कूल की डायरेक्टर सी.एस.आर. डॉ. पलक गुप्ता बौरी, डिप्टी डायरेक्टर मेडिकल साइंसेज डॉ. रोहन बौरी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इसके बाद श्लोक उच्चारण के बीच दीप प्रज्वलित किया गया। नन्हे कलाकारों ने ‘मंगल मूर्ति मोरया’ की प्रस्तुति देकर गणेश वंदना की, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
बच्चों ने ‘गुड मॉर्निंग’ एक्शन सॉन्ग के माध्यम से अपनी चंचलता और उत्साह का परिचय दिया। ‘आदियोग’ प्रस्तुति के जरिए योग के महत्व को दर्शाया गया, जबकि ‘हैंड क्लैप’ एरोबिक्स में बच्चों ने अपनी ऊर्जा और तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में ‘तू है चैंपियन’ के माध्यम से इंडोर गेम्स तथा ‘शकीरा’ पर आउटडोर गेम्स की प्रस्तुति ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ थीम सॉन्ग रहा, जिसके माध्यम से बच्चों ने स्वस्थ जीवनशैली और फिट भारत का संदेश दिया। इसके पश्चात हिंदुस्तानी प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति एवं संगीत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
समारोह के अंत में वोट ऑफ थैंक्स प्रस्तुत किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ। नन्हे विद्यार्थियों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि नन्हे कदम जब सही दिशा में बढ़ते हैं, तो वे सशक्त भारत की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *