


जालंधर (विष्णु): जालंधर-पठानकोट रोड स्थित गांव राउवाली में देर रात हथियारबंद लुटेरों ने एक घर को निशाना बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से अधिक लुटेरे घर में दाखिल हुए और वहां मौजूद महिला को बंधक बनाकर करीब 5 लाख रुपये की नकदी तथा लगभग 22 तोले सोना लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लुटेरों ने वारदात से करीब एक घंटा पहले गांव की एक अन्य कोठी में घुसने का प्रयास किया था। इस दौरान वहां रहने वाले प्रवासियों ने शोर मचा दिया, जिसके चलते लुटेरे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इस संबंध में इलाके के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना भी दी थी।
आरोप है कि पुलिस को सूचना मिलने के बावजूद कुछ समय बाद लुटेरों ने दूसरे घर को निशाना बना लिया। लुटेरों ने घर में घुसकर महिला को बंधक बनाया और घर में रखी नकदी तथा सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई लुटेरों की हरकत
लूट की वारदात से पहले और बाद की गतिविधियां इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। फुटेज में कुछ लोग हाथों में लाठियां लेकर घर में दाखिल होने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे दीवार फांदने की कोशिश करते हैं, लेकिन शोर मचने पर वहां से भाग निकलते हैं।
वहीं, दूसरी वीडियो फुटेज में वारदात के बाद घर की अलमारी का सामान बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना मकसूदा की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।
![]()
