श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर मेले को लेकर जालंधर पुलिस ने कसी कमर 1500 पुलिसकर्मी तैनात, QRT-ARP, एंटी-सबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड संभालेंगे सुरक्षा; CCTV और कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी

जालंधर (विष्णु): श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक मेले को सुरक्षित एवं सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर, आईपीएस और डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर जस रूप कौर बाठ, आईपीएस की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ के सुचारू प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 1500 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत के अनुसार अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी मेले की ड्यूटी के लिए बुलाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए अतिरिक्त गजटेड अधिकारियों की विशेष मेला ड्यूटी लगाई गई है।
24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस कर्मचारियों के बीच तत्काल और प्रभावी तालमेल के लिए वायरलेस सेट का इस्तेमाल किया जा रहा है। मंदिर के सामने कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से मेले के दौरान 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जाएगी। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जबकि संवेदनशील स्थानों पर निगरानी पोस्ट भी स्थापित की गई हैं।
QRT, एंटी-सबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड तैनात
मेले के दौरान सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए QRT, ARP, एंटी-सबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड को तैनात किया गया है। मंदिर परिसर में मेटल डिटेक्टर और जैमर भी लगाए गए हैं। इसके अलावा बॉडी कैमरों से लैस पुलिसकर्मी तथा सिविल कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगे।
मंदिर और आसपास के इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग टीमों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष रूप से पुलिस कर्मचारियों की तैनाती कर हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष पार्किंग और नो-एंट्री जोन
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। मंदिर के आसपास आवश्यक स्थानों पर वाहनों की एंट्री नियंत्रित करते हुए नो-एंट्री जोन बनाए गए हैं। अधिकारियों की टीमों को विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात किया गया है।
कमिश्नरेट पुलिस की ओर से मेला ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने को कहा गया है।
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने श्रद्धालुओं से पुलिस के सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधों में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने तथा नो-एंट्री क्षेत्रों में वाहन न ले जाने की अपील की है। इन क्षेत्रों में केवल पैदल आवाजाही की अनुमति होगी और वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से यह भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *