1 किलो अफीम, 5 हजार प्रेगाबालिन गोलियां और ड्रग मनी बरामद, 3 गिरफ्तार

जालंधर (विष्णु): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो अफीम, 5,000 प्रेगाबालिन गोलियां और 22,000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जालंधर श्री सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर, डीसीपी सिटी श्री आदित्य एस. वारियर, आईपीएस, एडीसीपी-2 श्रीमती माधवी शर्मा, पीपीएस की निगरानी में एसीपी वेस्ट श्री आतिश भाटिया, पीपीएस की टीम तथा थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार नाकाबंदी एवं चेकिंग के दौरान एक आरोपी को 1 किलो अफीम सहित काबू किया गया। पूछताछ और उसके बैकवर्ड लिंक की जांच के बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मुख्य आरोपी की पहचान शुभम शर्मा निवासी बाबू लाभ सिंह नगर, जालंधर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीली गोलियों की खेप बाहरी राज्य से जालंधर लाई जा रही थी।
पुलिस द्वारा आरोपियों के बैकवर्ड लिंक, नशे की सप्लाई के स्रोत और उनके अन्य संपर्कों की गहनता से जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-5 में मामला दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की तकनीकी एवं फोरेंसिक जांच के साथ-साथ वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा नशे की सप्लाई से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *