


जालंधर में नकली शराब ठेके का पर्दाफाश, दुकान किराए पर लेकर चला रहा था अवैध कारोबार
बावा खेल-कपूरथला रोड पर पुलिस की रेड, 20 पेटी शराब बरामद; आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं शराब तस्करी के करीब 12 मामले
जालंधर, (विष्णु): जालंधर में शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने आबकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक कथित शराब तस्कर ने दुकान किराए पर लेकर वहां बाकायदा शराब का ठेका चला रखा था। दुकान पर आने वाले ग्राहकों को यही बताया जाता था कि यहां शराब का ठेका है। बताया जा रहा है कि कई ग्राहक भी इसे असली शराब का ठेका समझकर शराब खरीद रहे थे। मामले की भनक शराब ठेकेदारों को लगी तो उन्होंने कथित अवैध कारोबार का खुलासा करवाया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने बावा खेल-कपूरथला रोड पर स्थित एक दुकान में छापेमारी कर कथित नकली शराब ठेके से 20 पेटी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान बलदीप सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी मकान नंबर 140, राज नगर, बस्ती बावा खेल, जालंधर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी से संबंधित करीब 12 मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से इस कारोबार में सक्रिय था और बरामद शराब कहां से लाई गई थी।
सरकारी बैंक की बेसमेंट में ठेका होने की भी चर्चा
इस मामले में यह बात भी सामने आई है कि शराब खरीदने वाले कुछ लोग दुकान को असली ठेका समझ रहे थे। सरकारी बैंक की बेसमेंट में शराब का ठेका होने की चर्चा के बीच पुलिस अब दुकान की वास्तविक स्थिति और शराब की बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दुकान पर किस तरह शराब बेची जा रही थी और इस कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
12 पुराने मामलों के बावजूद फिर सक्रिय होने का आरोप
आरोपी के खिलाफ पहले से शराब तस्करी के करीब 12 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री से जुड़े कितने तथ्य सामने आते हैं।
![]()
