खत्री महासभा पंजाब ने संदीप गगन को सौंपी जालंधर यूनिट की कमान

फगवाड़ा (विष्णु): खत्री समाज को एकजुट करने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने की दिशा में खत्री महासभा पंजाब ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महासभा की ओर से जालंधर यूनिट का गठन करते हुए संदीप गगन को प्रधान तथा देविंदर मल्होत्रा को सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां पंजाब प्रधान एडवोकेट विजय धीर मोगा के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश महासचिव रमन नेहरा ने कीं।

नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदेश महासचिव रमन नेहरा, नंद सोनी तथा स्वामी हितपारस जी महाराज ने संयुक्त रूप से भेंट किए। इस दौरान रमन नेहरा ने दोनों पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन को मजबूत करने और खत्री समाज की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

रमन नेहरा ने कहा कि खत्री महासभा का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करना और समाज से जुड़ी समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक तरक्की आपसी एकता, सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इसके लिए जरूरी है कि सभी लोग आपसी मतभेदों को भुलाकर समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

उन्होंने विश्वास जताया कि संदीप गगन और देविंदर मल्होत्रा जालंधर में खत्री समाज को संगठित करने के साथ जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। रमन नेहरा ने संदीप गगन को जालंधर यूनिट की पूरी टीम गठित करने के अधिकार भी सौंपे। उन्होंने कहा कि संदीप गगन समाज के सक्रिय और समर्पित सदस्यों को साथ लेकर जल्द ही टीम का गठन करेंगे तथा पदाधिकारियों के नाम प्रदेश संगठन को भेजेंगे।

समाजहित के कार्यों को दी जाएगी प्राथमिकता

नवनियुक्त प्रधान संदीप गगन ने खत्री महासभा पंजाब के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर में खत्री समाज के लोगों को साथ लेकर संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा समाजहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर रोहित जायसवाल, विक्रम शर्मा, राजन शारदा, विवेक मेहता, प्रदीप वर्मा, मनीष सहगल, साहिल वर्मा, राजीव सहगल, अर्जुन भट्ट, कृष्ण सूरी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संदीप गगन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *