नशे के कारोबार पर अब पुलिस का होगा कड़ा प्रहार, जालंधर में जीरो टॉलरेंस नीति लागू करेंगे पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर

जालंधर (विष्णु): जालंधर के नए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, आईपीएस ने पदभार संभालने के बाद नशे के कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि शहर में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करी और नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ अपनी पहली परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने मीडिया के माध्यम से शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराध पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहेगा।

उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल को प्रभावी पुलिसिंग की अहम कड़ी बताते हुए कहा कि लोगों की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। इस दिशा में मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने पुलिस लाइंस के कॉन्फ्रेंस हॉल में सभी गजेटेड अधिकारियों और विभिन्न यूनिटों के प्रभारियों के साथ बैठक कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की।

बैठक में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, खुफिया तंत्र को मजबूत करने, सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने और अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखें और जनता के साथ सीधा संपर्क बनाए रखें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही, बेहतर निगरानी और आपसी तालमेल को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मचारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना होगा और शिकायतों पर बिना देरी कार्रवाई करनी होगी। सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने स्पष्ट किया कि शहर में नशा तस्करी पर लगाम लगाने, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *