

जालंधर (विष्णु): जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में तेजधार हथियारों से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को 24 घंटे से भी कम समय में ट्रेस कर आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों के साथ दो अन्य अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ADCP-2 माधवी शर्मा ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने बिना देरी किए आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी थीं। पुलिस कमिश्नर जालंधर के दिशा-निर्देशों पर DCP सिटी आदित्य एस. वारियर और DCP स्पेशल ब्रांच मनप्रीत सिंह ढिल्लों की निगरानी में पुलिस टीमों ने रातभर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की।
पुलिस की लगातार दबिश और ताबड़तोड़ कार्रवाई के चलते आरोपी ज्यादा समय तक कानून के शिकंजे से बच नहीं सके। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए तेजधार हथियार बरामद किए गए।
इतना ही नहीं, आरोपियों के घर से एक .32 बोर पिस्तौल और एक रिवॉल्वर भी बरामद हुआ है। पुलिस अब इन हथियारों के संबंध में भी गहन जांच कर रही है कि इनका इस्तेमाल किसी अन्य वारदात में तो नहीं किया गया।
कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने तेजी से शिकंजा कसा है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।
![]()
