

जालंधर, 3 अगस्त। जालंधर छावनी के 13 वर्षीय होनहार शतरंज खिलाड़ी श्रेयांश जैन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर और पंजाब का नाम रोशन किया है। उन्होंने 1st SRM International Open FIDE Rapid Rating Chess Tournament 2026 में ओपन कैटेगरी के शीर्ष-20 खिलाड़ियों में जगह बनाकर नई उपलब्धि अपने नाम की है।
यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिडे रैपिड रेटिंग प्रतियोगिता 2 अगस्त को हरियाणा के सोनीपत में आयोजित हुई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से 462 अनुभवी खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच श्रेयांश जैन ने अपने बेहतरीन खेल, सूझबूझ और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए 1601–1800 फिडे रेटिंग वर्ग में प्रथम उपविजेता (1st Runner-Up) का खिताब भी हासिल किया।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए श्रेयांश को 4 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग में 80 अंकों की बढ़ोतरी हुई, जो उनकी निरंतर मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है।
श्रेयांश की इस उपलब्धि पर जालंधर के खेल प्रेमियों, शतरंज प्रशिक्षकों और शहरवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उनका कहना है कि श्रेयांश ने कम उम्र में जो सफलता हासिल की है, वह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे श्रेयांश जैन की यह उपलब्धि न केवल जालंधर बल्कि पूरे पंजाब के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
![]()
