


जालंधर कैंट। सीजीसी लांड्रा, मोहाली में आयोजित पीटीसी पंजाबी के लोकप्रिय संगीत कार्यक्रम ‘वॉयस ऑफ पंजाब इक ते इक-11 मास्टर चैंप्स’ प्रतियोगिता में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल, पीएपी कैंपस, जालंधर कैंट की छठी कक्षा के छात्र विनय कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम रनर-अप की ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता के लिए जून माह में आयोजित पहले ऑडिशन राउंड में विनय कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की। इसके बाद आयोजित गाला राउंड में करीब 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से जूनियर वर्ग में 10 ‘चैंप्स’ और सीनियर वर्ग में 10 ‘मास्टर्स’ प्रतिभागियों का चयन किया गया। जूनियर ‘चैंप्स’ श्रेणी में विनय कुमार ने अपनी जगह बनाई।
करीब दो महीने तक चली इस प्रतियोगिता के प्रत्येक राउंड में विनय कुमार के शानदार प्रदर्शन को दर्शकों और निर्णायकों की खूब सराहना मिली तथा उन्हें कई बार स्टैंडिंग ओवेशन प्राप्त हुई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मास्टर सलीम, सचिन आहूजा, हरगुन, सुखपाल सुख और भूपेंद्र बब्ल सहित अन्य प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
विनय कुमार के प्रथम रनर-अप चुने जाने पर पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. योगेश गंभीर ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके माता-पिता को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि विनय ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास से स्कूल का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर स्कूल की सुपरवाइजर अमिता राठौर भी उपस्थित थीं।
![]()
