जालंधर पुलिस की नशा तस्करी और अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई, 60 ग्राम हेरोइन समेत दो देसी पिस्तौल बरामद

जालंधर, 18 अगस्त (विष्णु): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 60 ग्राम हेरोइन, 2,500 रुपये की ड्रग मनी, .315 बोर का देसी पिस्तौल, .32 बोर का एक अन्य देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, आईपीएस के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में थाना डिवीजन नंबर-7 के एसएचओ इंस्पेक्टर रविंदर कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने कार्रवाई की। यह कार्रवाई एडीसीपी सिटी-2  माधवी शर्मा, पीपीएस और एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह, पीपीएस की निगरानी में की गई।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को एएसआई सतिंदर कुमार पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इस दौरान जमशेर रोड की तरफ से पैदल आ रहे एक युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राजा पुत्र मोहम्मद नुसरत, निवासी विहड़ा सोहलखान, सुधामा विहार, नशा छुड़ाओ केंद्र रिबर्थ के पास, जालंधर के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 60 ग्राम हेरोइन, 2,500 रुपये की ड्रग मनी और .315 बोर का देसी पिस्तौल बरामद हुआ। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-7 में एफआईआर नंबर 198, दिनांक 17 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पास एक और .32 बोर का देसी पिस्तौल है, जिसे उसने गांव सुबाना स्थित आर्मी एन्क्लेव के पास छिपाकर रखा है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उक्त स्थान से पिस्तौल बरामद कर लिया। इसके साथ तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजा के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 में थाना भार्गव कैंप में दर्ज मामला, वर्ष 2024 में थाना डिवीजन नंबर-7 और थाना सदर में दर्ज मामले तथा वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना डिवीजन नंबर-3 में दर्ज मामला शामिल है। इसके अलावा थाना डिवीजन नंबर-7 में भी वर्ष 2025 में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक नेटवर्क तथा नशा एवं अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *