


जालंधर, 18 अगस्त (विष्णु)। आम आदमी पार्टी के यूथ विंग की ओर से शुरू की गई पंजाब यूथ रन 2026 अब जालंधर पहुंच गई है। इसके तहत 23 अगस्त को मॉडल टाउन स्थित शिवानी पार्क में 5 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी यूथ विंग के उपाध्यक्ष बीरदविंदर सिंह ने स्थानीय रमाडा होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
बीरदविंदर सिंह ने बताया कि पंजाब यूथ रन 2026 की शुरुआत मोहाली से हुई थी, जहां युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अब पंजाब के विभिन्न शहरों में इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और स्वस्थ गतिविधियों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि जालंधर में 23 अगस्त को होने वाली 5 किलोमीटर दौड़ मॉडल टाउन स्थित शिवानी पार्क से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी। प्रतिभागियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह करीब 5 बजे रखा गया है, जबकि दौड़ सुबह 7 बजे शुरू होगी।
दौड़ में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। कार्यक्रम के बैनरों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दौड़ के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं और विजेताओं के लिए करीब 40 नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं।
बीरदविंदर सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं और परिवारों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की पहल है। बच्चों को भी इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है और इच्छुक बच्चों के लिए मौके पर भाग लेने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर जालंधर के मेयर वनीत धीर, जालंधर सेंट्रल के हलका इंचार्ज नितिन कोहली, पंजाब खादी बोर्ड के चेयरमैन काकू आहलूवालिया, गगन जी, रूबल संधू, नाइन छापड़ा सहित बड़ी संख्या में यूथ नेता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()
