


जालंधर, 25 अगस्त (विष्णु): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छोटा बारादरी पार्ट-2 स्थित गोल्डन एवेन्यू मार्केट के A ONE SPA AND SALOON पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो युवतियों को रेस्क्यू किया गया। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर का मालिक मौके से फरार हो गया।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, IPS के निर्देशों पर तथा ADCP सिटी-2 माधवी शर्मा, PPS और ACP मॉडल टाउन मनमोहन सिंह, PPS की निगरानी में थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना डिवीजन नंबर-7 के SHO इंस्पेक्टर रविंदर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के अनुसार, भारत कुमार उर्फ सैम नामक व्यक्ति कथित तौर पर बाहर से युवतियों को पैसे का लालच देकर बुलाता था। पुलिस को कुछ विदेशी युवतियों के भी इस गतिविधि से जुड़े होने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने FIR नंबर 211, दिनांक 24 अगस्त 2026 दर्ज कर Immoral Traffic (Prevention) Act की धारा 3, 4 व 7 तथा BNS की धारा 143 के तहत जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का मालिक फरार हो गया, जबकि पुलिस ने चार आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने मौके से दो युवतियों को रेस्क्यू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिक्की, करण कुमार, राहुल और अरुण कालिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और फरार स्पा संचालक की तलाश की जा रही है। साथ ही कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
![]()
