


जालंधर, 31 अगस्त। अवैध शराब की बिक्री और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने आबकारी विभाग के साथ संयुक्त अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 32 बोतल शराब, हुक्का-चिलम का सामान तथा 10 लाख 71 हजार 990 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, आईपीएस के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई एडीसीपी जोन-2 माधवी शर्मा, पीपीएस और एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया, पीपीएस की निगरानी में तथा थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ इंस्पेक्टर जय इंदर सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को आबकारी निरीक्षक मनजीत सिंह और थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एसआई बलविंदर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तरसेम सिंह उर्फ सेमा, पुत्र बुआ दास, निवासी मकान नंबर 03, गली नंबर 01, बाबा काहंदास नगर, जालंधर को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने ब्लैक लेबल की 8 बोतलें, बैलेंटाइन व्हिस्की की 10 बोतलें, जेम्सन व्हिस्की की 4 बोतलें, 3 हुक्का चिलम, 3 हुक्का पाइप तथा एक बैग में रखी 10,71,990 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एप्पल मोबाइल फोन, एक एप्पल टैबलेट, एक सैमसंग मोबाइल फोन, दो सोने के कड़े, चार सोने की अंगूठियां, एक सैमसंग कीपैड मोबाइल फोन और एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
इस संबंध में थाना बस्ती बावा खेल में एफआईआर नंबर 252, दिनांक 30 अगस्त 2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 61-1-14 व 3, COTPA एक्ट 2018 की धारा 4-A व 21-A तथा BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना बस्ती बावा खेल में कई मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2011 में धारा 323, 452, 148, 149 IPC, वर्ष 2015 में धारा 323, 324, 379, 34 IPC तथा आबकारी अधिनियम के तहत वर्ष 2015, 2017, 2018 और 2022 में दर्ज मामले शामिल हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर बरामद नकदी, शराब और अन्य सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
![]()
