


जालंधर (विष्णु)। जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की टिकट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। संभावित उम्मीदवारों की दौड़ में नगर निगम के डिप्टी मेयर एवं युवा नेता मलकीत सिंह सुबाना का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। राजनीतिक हलकों में उन्हें टिकट के मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है।
सुबाना की क्षेत्र में सक्रियता और लोगों के साथ लगातार संपर्क को उनकी दावेदारी की मजबूती का प्रमुख आधार माना जा रहा है। पार्टी की ओर से चुनाव में जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की चर्चा के बीच उनके नाम को लेकर समर्थकों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है।
कैंट विधानसभा क्षेत्र के गांवों में सड़क, गलियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सुबाना की सक्रियता भी चर्चा में है। इसके अलावा युवाओं से जुड़े मामलों तथा पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि टिकट के लिए कई अन्य नेता भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा राजनीतिक चर्चाओं में मलकीत सिंह सुबाना का नाम आगे बताया जा रहा है। उनका अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध होना भी कैंट क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक समीकरणों में एक महत्वपूर्ण पहलू माना जा रहा है।
फिलहाल आम आदमी पार्टी की हाईकमान की ओर से उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा लिए जाने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
![]()
