


जालंधर (विष्णु): सखी परिवार सभा की ओर से श्री गौर हरि संकीर्तन मंडल द्वारा ढल्ल मोहल्ला में ठाकुर जी का छठी महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भजनों पर नृत्य करते हुए ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
संकीर्तन का शुभारंभ आकाश मल्होत्रा, दीपक शर्मा, आदर्व शर्मा, गोबिंद शर्मा, हर्ष शर्मा, राकेश मग्गो और सनी दुआ ने मंगलाचरण, गुरु वंदना एवं वैष्णव वंदना से किया। इसके बाद दीपक शर्मा ने ‘ओ ब्रज के नंद लाला’ का संकीर्तन कर भक्तिमय वातावरण बनाया। राजन शर्मा ने ‘मन चल वृंदावन चलिए’, जबकि आदित्य मग्गो ने ‘श्री राधा जी तो मेरी हैं, मेरी हैं, मेरो है बरसाना’ का गुणगान किया।
विशाल ढल्ल ने ‘नटखट बंसी वाले गोकुल के राजा, मेरी अंखिया तरस गई अब तो आजा’ का संकीर्तन कर श्रद्धालुओं को खूब नृत्य करवाया। वहीं सनी दुआ ने ‘गोविंद जय जय, गोपाल जय जय’ का आनंदमयी संकीर्तन करवाते हुए हरे कृष्ण महामंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर सखी परिवार की ओर से ठाकुर जी का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। राजू कश्यप द्वारा ठाकुर जी को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। सखी परिवार के सदस्यों ने अपने-अपने घरों से भोग की सेवा लाकर ठाकुर जी को समर्पित की। अनेक भक्तों ने घरों में विशेष रूप से मिष्ठान तैयार कर भगवान को अर्पित किए।
‘लाड़ली श्यामा जू रख लो मुझे बरसाना में’ जैसे भजनों ने भी भक्तिमय वातावरण को और अधिक भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता दिनेश ढल्ल एवं पार्थ ढल्ल भी विशेष रूप से पहुंचे और ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सनी दुआ, आदित्य मग्गो, राकेश मग्गो, विपन कुमार, पार्थ सारथी प्रभु, मिंटू भाखरी, गौरक्ष दुआ, संजय कालिया, दीपक शर्मा, आदर्व शर्मा, हर्ष शर्मा, गोबिंद शर्मा, राजन शर्मा, राकेश शर्मा, संजीव मल्होत्रा, सागर, मयंक, अजय, ध्रुव, समर, बब्लू, जय, सोनू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सखी परिवार के प्रधान सेवक हैप्पी मल्होत्रा के साथ रूही, महक, डिंपल, मोनिका, नेहा, मीनू, रीना, प्रार्थना, रेनू, रिंपल सहित अन्य सदस्यों ने संकीर्तन का आनंद लिया।
![]()
