नशे और अवैध कारोबार पर जालंधर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक दो केस, दो गिरफ्तारियां और भारी बरामदगी से मचा हड़कंप

जालंधर, 11 सितंबर (विष्णु): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने अवैध शराब कारोबार, बिना लाइसेंस चल रहे हुक्का बार और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 120 लीटर अवैध ड्राफ्ट बीयर, 8 हुक्के और 8,800 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए हैं।
कमिश्नर पुलिस जालंधर सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी सिटी-1 मुख्तियार राय तथा एसीपी हेडक्वार्टर कर्नैल सिंह की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।
बिना लाइसेंस चल रहे हुक्का बार पर रेड
थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस टीम ने एक्साइज इंस्पेक्टर को साथ लेकर पठानकोट चौक में बिना लाइसेंस चल रहे एक हुक्का बार पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से 8 हुक्के तथा 120 लीटर ड्राफ्ट बीयर बरामद की। बरामद बीयर में 50-50 लीटर के दो ड्रम तथा 20 लीटर का एक ड्रम शामिल है।
इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर 8 में मुकदमा नंबर 308, धारा 61-1-14 एक्साइज एक्ट तथा COTPA Act, 2003 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने हुक्का बार के मालिक शिवा ठाकुर पुत्र विजय कुमार, निवासी रेलवे रोड, ढन्न मोहल्ला, जालंधर को गिरफ्तार कर लिया है।
मेडिकल स्टोर से 8,800 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद
इसी अभियान के तहत 10 सितंबर 2026 को थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ एसपी मेडिकोज, नूरपुर कॉलोनी में चेकिंग की। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से 8,800 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए।
इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 8 में मुकदमा नंबर 309, दिनांक 10 सितंबर 2026, धारा 223 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में पवन बजाज पुत्र सुभाष चंद्र, निवासी आकाश कॉलोनी, होशियारपुर रोड, जालंधर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीली दवाओं और अन्य सामान की सप्लाई कहां से होती थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल स्टोर, हुक्का बार और संवेदनशील ठिकानों पर लगातार चेकिंग
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की ओर से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री, नशा तस्करी तथा बिना लाइसेंस चल रहे हुक्का बारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मेडिकल स्टोरों, हुक्का बारों और अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित चेकिंग की जा रही है, ताकि नशीली दवाओं के दुरुपयोग तथा युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *