जालंधर पुलिस की नाजायज हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3 गिरफ्तार

जालंधर (विष्णु): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नाजायज हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर करने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस कर्मचारी ने उसका हाथ पकड़कर उसकी कोशिश नाकाम कर दी। इस दौरान आरोपी ने दो फायर किए, जो पास स्थित ढाबे की दीवार पर जा लगे।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जालंधर सतिंदर सिंह आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर आईपीएस, एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा पीपीएस तथा एसीपी सब-डिवीजन-5 कैंटोनमेंट कुलविंदर सिंह विर्क की अगुवाई में की गई।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को थाना सदर जालंधर के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलकरण सिंह की निगरानी में एसआई नरेंद्र मोहन, इंचार्ज पुलिस चौकी जंडियाला, पुलिस कर्मचारियों सहित जंडियाला मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर PB-08-GB-1101 को रोककर जांच शुरू की।
चेकिंग के दौरान गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति ने अचानक पिस्तौल निकालकर एसआई नरेंद्र मोहन पर फायर करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारी ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया और आरोपी की कोशिश नाकाम कर दी। इसी दौरान आरोपी ने दो फायर कर दिए, जो पास के ढाबे की दीवार पर जा लगे। पुलिस टीम ने दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया।
पूछताछ में फायर करने वाले व्यक्ति की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शोकऱ, पुत्र जसविंदर सिंह, निवासी गांव अट्टी बाजा, फिल्लौर, जिला जालंधर के रूप में हुई, जबकि स्कॉर्पियो चालक की पहचान दिलीप्रीत सिंह, पुत्र गुरनेक सिंह, निवासी गांव धर्म सिंह वाला, थाना फतेहगढ़ पंजतूर, जिला मोगा के रूप में हुई। पुलिस ने मनप्रीत सिंह के कब्जे से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया ग्लॉक पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
इस संबंध में मुकदमा नंबर 367, दिनांक 19 सितंबर 2026 को धारा 109 बीएनएस तथा 25/27-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत थाना सदर, कमिश्नरेट जालंधर में दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शोकऱ से पूछताछ के दौरान चार अन्य पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। इस प्रकार मामले में कुल 5 पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शोकऱ, दिलप्रीत सिंह तथा मिहर सिंह उर्फ प्रिंस, पुत्र लखविंदर सिंह, निवासी मकान नंबर 212, गली नंबर 2, न्यू आजाद नगर, बहादरके रोड, लुधियाना शामिल हैं। मनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह को 19 सितंबर तथा मिहर सिंह को 20 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।
बरामद हथियारों में GLOCK 19 Gen4, Austria, 9×19 पिस्तौल समेत तीन जिंदा कारतूस तथा Cugir Romania Model TT-C, Cal. 7.62×25 mm सहित अन्य पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *