8 घंटे में अगवा 4 वर्षीय बच्चे को ट्रेस कर पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया, 72 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जालंधर (विष्णु): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने अगवा किए गए 4 वर्षीय बच्चे को महज 8 घंटे के भीतर ट्रेस कर सुरक्षित बरामद करते हुए उसके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए बच्चे के अपहरण में शामिल मुख्य आरोपी को भी 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रजत रत्तू उर्फ रोकी पुत्र स्वर्गीय रमेश पाल, निवासी गांव मदार, थाना आदमपुर, जिला जालंधर के रूप में हुई है।
कमिश्नर पुलिस जालंधर श्री सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी सिटी जालंधर श्री आदित्य एस. वारियर आईपीएस, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पुलिस जोन-2 श्रीमती माधवी शर्मा पीपीएस तथा एसीपी वेस्ट श्री आतिश भाटिया पीपीएस की निगरानी में थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को थाना बस्ती बावा खेल में मुकदमा नंबर 277, धारा 140(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। 4 वर्षीय बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया। एसआई सुखदेव चंद, चौकी इंचार्ज लेदर कॉम्प्लेक्स तथा मुख्य अधिकारी थाना बस्ती बावा खेल सब-इंस्पेक्टर गुरदीप चंद की अगुवाई में पुलिस टीमों ने तेजी से जांच शुरू की।
पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच और गुप्त सूत्रों की मदद से करीब 8 घंटे के भीतर बच्चे को ट्रेस कर सुरक्षित बरामद कर लिया तथा उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने करीब 72 घंटे के भीतर मामले के मुख्य आरोपी रजत रत्तू उर्फ रोकी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 4 वर्षीय बच्चे का कथित तौर पर चाइल्ड ट्रैफिकिंग के उद्देश्य से अपहरण किया था। बच्चे को जिस एक्टिवा पर ले जाया गया था, उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। एक्टिवा बिना नंबर प्लेट के सफेद रंग की बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ उपलब्ध तथ्यों और सबूतों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी: रजत रत्तू उर्फ रोकी पुत्र स्वर्गीय रमेश पाल, निवासी गांव मदार, थाना आदमपुर, जिला जालंधर।
बरामदगी: बिना नंबर प्लेट वाली सफेद रंग की एक्टिवा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से गहनता के साथ जारी है और शेष आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *