


जालंधर (विष्णु): इनोसेंट हार्ट्स स्कूल, लोहारां में एल.के.जी. के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, ऊर्जा और आत्मविश्वास को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘विवेशियस वाइब्रेंस 2026–27’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नन्हे कदम–सशक्त भारत’ तथा ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ रही, जिसके माध्यम से बच्चों ने स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या मिस शालू सहगल तथा प्री-प्राइमरी की कोऑर्डिनेटर श्रीमती बंदीप विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से आत्मीय संवाद करते हुए प्रारंभिक बाल्यावस्था में बच्चों के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए और विद्यालय की गतिविधियों में उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे कलाकारों ने उत्साह से भरपूर ‘गुड मॉर्निंग’ एक्शन सॉन्ग प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। भक्तिमय वातावरण में ‘मंगल मूर्ति मोरया’ गणेश वंदना की प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया।
बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए ‘आदियोग’ योग प्रस्तुति, ऊर्जावान ‘हैंड क्लैप’ एरोबिक्स तथा मनोरंजक इनडोर गेम्स ‘तू है चैंपियन’ में नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ एंथम की विषयगत प्रस्तुति रही। इसके माध्यम से बच्चों ने स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। इसके पश्चात हिंदुस्तानी संगीत की मनमोहक प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के रंग बिखेर दिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद आभार ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। नन्हे-मुन्नों की शानदार प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बच्चों के छोटे-छोटे कदम ही भविष्य के सशक्त और समर्थ भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।
![]()
