


फगवाड़ा (विष्णु): पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कथित रेप की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ किए जाने तथा कैंपस के एक हिस्से में आग लगाए जाने की सूचना है।
हंगामा बढ़ने के बाद छात्रों की भीड़ यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट तक पहुंच गई। काफी देर तक वहां भी प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।
चंडीगढ़-अमृतसर हाईवे पर छात्रों का धरना
कैंपस में हंगामे के बाद छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना लगा दिया। जानकारी के अनुसार, रात करीब ढाई बजे शुरू हुआ हाईवे जाम खबर लिखे जाने तक जारी था। हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात बहाल कराने तथा प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने रेप की घटना से किया इनकार
वहीं पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में रेप की कोई घटना सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई सूचना की जांच की जा रही है। पुलिस ने छात्रों से अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस स्थिति को नियंत्रित करने, यूनिवर्सिटी परिसर में शांति बहाल करने और हाईवे पर यातायात सुचारू कराने पर है। कैंपस में हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को लेकर भी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल सूचना के बाद भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि छात्रा से कथित रेप की सूचना सोशल मीडिया ग्रुप्स में तेजी से फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध के लिए एकत्रित हुए। हालांकि, पुलिस की प्राथमिक जांच में रेप की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल सूचना के स्रोत तथा उसकी सत्यता का भी पता लगाया जा रहा है।
![]()
