जालंधर में 2 किलो हेरोइन समेत दो तस्कर गिरफ्तार 7.80 लाख रुपये ड्रग मनी, पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस बरामद; दो कारें भी कब्जे में

जालंधर, 1 अक्टूबर (विष्णु): नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के तहत कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो हेरोइन, 7.80 लाख रुपये की ड्रग मनी, 32 बोर का पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें भी कब्जे में ली हैं।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन देव सिंह और एसीपी डिटेक्टिव अमरबीर सिंह की निगरानी में स्पेशल सेल के इंचार्ज एसआई मनजिंदर सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक टी-प्वाइंट नाहन वाला बाग के पास नाकाबंदी के दौरान दशमेश नगर की तरफ से आ रही सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार नंबर PB-91-6313 को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक दीपक उर्फ दीपकू पुत्र राकेश कुमार के कब्जे से एक किलो हेरोइन और 7 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
इस संबंध में थाना भार्गो कैंप में मुकदमा नंबर 267, दिनांक 26 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में दीपक द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर दूसरे आरोपी साहिल पुत्र रवि कुमार, निवासी अमृतसर, हाल निवासी करोल बाग, जालंधर को नामजद किया गया।
पुलिस ने 30 सितंबर को साहिल को करोल बाग से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हुंडई वरना कार नंबर PB-08-FM-7999 से एक किलो हेरोइन, 32 बोर का पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक उर्फ दीपकू के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि साहिल के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस हेरोइन सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *