तंग गली में कथित अवैध मार्केट का निर्माण, नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच पर उठे सवाल हनुमान चौक के पास भट्टा वाली गली में पुराने मड हाउस के अंदर बन रही करीब आधा दर्जन दुकानें, लेंटर डालने की तैयारी का आरोप

जालंधर, 3 अक्टूबर (विष्णु): पंजाब सरकार की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के दावों के बीच जालंधर में कथित अवैध निर्माण का एक मामला सामने आया है। हनुमान चौक के साथ लगती भट्टा वाली गली में पुराने मड हाउस के अंदर करीब आधा दर्जन दुकानों की मार्केट बनाए जाने की सूचना है। आरोप है कि बिना आवश्यक मंजूरी के गुपचुप तरीके से निर्माण करवाया जा रहा है और अब लेंटर डालने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, पुराने मड हाउस के अंदर दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यदि निर्माण के लिए नगर निगम से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है तो संबंधित विभाग की ओर से अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण की जांच करें और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें।
इस मामले को लेकर नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। लोगों का कहना है कि तंग गलियों के बीच इस प्रकार का निर्माण भविष्य में सुरक्षा संबंधी समस्या पैदा कर सकता है। स्थानीय स्तर पर यह भी शिकायत की गई है कि आपात स्थिति में तंग गली होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी या अन्य इमरजेंसी वाहन के मौके तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
जालंधर के एक आरटीआई एक्टिविस्ट की ओर से नगर निगम कमिश्नर को दी गई शिकायत में भी मामले की जांच की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तंग गलियों के बीच कथित रूप से अवैध मार्केट का निर्माण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि संबंधित जमीन लाल लकीर के अंतर्गत आती है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक रिकॉर्ड और नगर निगम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इस मामले में नगर निगम की ओर से आधिकारिक स्थिति सामने नहीं आई है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि निर्माण के लिए कोई नक्शा, मंजूरी अथवा अन्य वैधानिक अनुमति ली गई है या नहीं। नगर निगम की जांच के बाद ही यह तय होगा कि निर्माण नियमों के अनुरूप है अथवा नहीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *