जालंधर वेस्ट में जुए का कथित बड़ा अड्डा! रसीला नगर की कोठी में रातभर लाखों का खेल? डी.एम. नामक व्यक्ति पर जुआ खिलवाने के आरोप, पुलिस की कथित मिलीभगत को लेकर भी उठे गंभीर सवाल

जालंधर, (विष्णु): जालंधर वेस्ट के रसीला नगर इलाके में एक कोठी में कथित तौर पर लाखों रुपये का जुआ खिलाए जाने का मामला सामने आया है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि डी.एम. नामक एक व्यक्ति इस कथित जुए के खेल को संचालित करवा रहा है। आरोप है कि रात 8 बजे से शुरू होने वाला यह खेल सुबह 4 बजे तक चलता है और यहां रोजाना लाखों रुपये का लेन-देन होता है।
इस मामले को लेकर सबसे गंभीर सवाल पुलिस की कथित भूमिका पर उठ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि यह गतिविधि क्षेत्रीय पुलिस की कथित छत्रछाया में चल रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में किसी पुलिस अधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
ताश के पत्ते, नकदी के ढेर और कई लोगों की मौजूदगी!
सामने आई तस्वीर में एक कमरे के भीतर कई लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके बीच ताश के पत्ते और नकदी नजर आ रही है। तस्वीर ने रसीला नगर में कथित जुए के कारोबार को लेकर चर्चाये है। हालांकि, केवल तस्वीर के आधार पर जुए की जगह, रकम, समय या इसमें शामिल लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकती।
जुए को लेकर लड़ाई-झगड़े होने के भी दावे
सूत्रों के अनुसार, कथित तौर पर चल रहे इस खेल के दौरान कई बार लड़ाई-झगड़े होने की बातें भी सामने आई हैं। यदि इन दावों में सच्चाई है, तो यह केवल जुए का मामला नहीं, बल्कि इलाके की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल भी है। रिहायशी क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने और शिकायतों की जांच करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है।
अब पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जालंधर पुलिस कमिश्नरेट रसीला नगर में लगाए जा रहे इन आरोपों की जांच करवाएगा? क्या कथित जुआ स्थल पर छापेमारी कर सच्चाई सामने लाई जाएगी?
यदि आरोप निराधार हैं, तो जांच से स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए; और यदि इनमें सच्चाई मिलती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। अब देखना यह है कि पुलिस इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाती है या मामला केवल चर्चाओं तक ही सीमित रह जाता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *