

जालंधर 14 मई (विष्णु):- बस्ती दानिशमंदा के न्यू रसीला नगर गली नंबर 3 में कथित रूप से एक पुरानी कॉलोनी का अवैध विस्तार कर नई अनधिकृत कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों द्वारा आरोप लगाया गया है कि बिना किसी वैध अनुमति, नक्शा स्वीकृति एवं सरकारी मंजूरियों के बड़े स्तर पर प्लॉटिंग, रास्तों का निर्माण तथा अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं, जो कि नगर निगम नियमों एवं मास्टर प्लान का खुला उल्लंघन है। शिकायत में कहा गया है कि इस प्रकार की अवैध कॉलोनियों के विकसित होने से भविष्य में सीवरेज, जल निकासी, ट्रैफिक व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारी इस गंभीर मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं तथा पूरे प्रकरण पर आंखें मूंदे बैठे हैं। आरोप है कि लगातार निर्माण एवं विकास कार्य होने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे अवैध निर्माणकर्ताओं के हौसले बुलंद हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, साइट पर चल रहे सभी अवैध विकास कार्य तुरंत रुकवाए जाएं तथा मास्टर प्लान एवं शहरी विकास नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
![]()
