पंजाब यूथ रन की सफलता ने बढ़ाया युवाओं का जोश काकू आहलूवालिया ने जालंधरवासियों, युवाओं और पूरी टीम का जताया आभार

जालंधर। मॉडल टाउन में आम आदमी पार्टी के यूथ विंग की ओर से आयोजित 5 किलोमीटर पंजाब यूथ रन को मिली शानदार सफलता से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जालंधरवासियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की सफलता पर काकू आहलूवालिया ने जालंधरवासियों, विशेषकर युवाओं का तहेदिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस जोश, उत्साह और प्यार के साथ पंजाब यूथ रन में हिस्सा लिया, वह उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि जालंधरवासियों का प्यार और विश्वास वह हमेशा याद रखेंगे।
काकू आहलूवालिया ने बाई राजबीर सिंह घुम्मण का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। उन्होंने पंजाब के प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सिसोदिया द्वारा जालंधर पहुंचकर पंजाब यूथ रन को फ्लैग ऑफ करना और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर युवाओं का हौसला बढ़ाना प्रेरणादायक रहा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और उन्हें नशे से दूर रखना समय की बड़ी जरूरत है। खेल और युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा ही पंजाब के मजबूत भविष्य की नींव है।
काकू आहलूवालिया ने जालंधर की पूरी लीडरशिप, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं, मीडिया कर्मियों, वालंटियर्स और यूथ कार्यकर्ताओं का भी कार्यक्रम की सफलता में योगदान के लिए आभार जताया।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “जब तक मेरी सांसों में सांस है, मैं जालंधरवासियों के प्यार, सहयोग और विश्वास का ऋणी रहूंगा।” उन्होंने कहा कि जालंधरवासियों के साथ उनका रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल से जुड़ा रिश्ता है, जिसे वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *