


जालंधर, 17 अगस्त। शहर में सोमवार रात लूट की बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई। सूर्या एंक्लेव निवासी लोहा कारोबारी ललित मित्तल से कथित तौर पर लाखों रुपये की नकदी लूट ली गई। वारदात टांडा रोड से सूर्या एंक्लेव जाते समय हुई। बदमाशों ने कारोबारी की कार को रोककर लोहे की रॉड से शीशा तोड़ा और कार में रखे कैश से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए।
टांडा रोड से घर लौट रहे थे कारोबारी
जानकारी के अनुसार ललित मित्तल का टांडा रोड पर लोहे का कारोबार है। सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह कार में दो बैग लेकर अपने घर सूर्या एंक्लेव के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बदमाशों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
काजी मंडी से होते हुए जब कारोबारी सूर्या एंक्लेव के मोड़ के पास पहुंचे तो बदमाशों ने अपनी कार उनकी कार के आगे लगा दी।
रॉड से शीशा तोड़ा और बैग लेकर फरार
आरोप है कि बदमाशों ने कार से उतरकर लोहे की रॉड से कारोबारी की कार का शीशा तोड़ दिया और अंदर रखे दोनों बैग लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों बैगों में करीब 72 लाख रुपये नकद थे। हालांकि कारोबारी ने कहा कि नकदी की सही राशि के बारे में सुबह अकाउंटेंट से पुष्टि होने के बाद ही पता चल पाएगा, क्योंकि पैसे गिनकर कार में रखे गए थे।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाल रही
वारदात की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा टांडा रोड से लेकर सूर्या एंक्लेव तक रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी कारोबारी की गतिविधियों पर पहले से नजर रखे हुए थे और टांडा रोड से ही उसका पीछा कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को कारोबारी के पास इतनी बड़ी नकदी होने की जानकारी कैसे मिली और वारदात की पूरी साजिश किस तरह रची गई। मामले में पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
रामामंडी SHO का सरकारी नंबर बंद
वारदात के संबंध में थाना रामामंडी के SHO के सरकारी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन नंबर बंद मिला। पुलिस की ओर से अभी मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
![]()
