


जालंधर, 19 सितंबर (विष्णु): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की ओर से सार्वजनिक सुरक्षा को और मजबूत करने तथा शहर में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से रेस्टोरेंट, होटल, बार, कैफे और अन्य खान-पान प्रतिष्ठानों को ‘हथियार-मुक्त जोन’ बनाने संबंधी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष बैठक आयोजित की गई।
माननीय पुलिस कमिश्नर श्री सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती जसरोर बाठ, आईपीएस की अगुवाई में एडीसीपी सिटी-2 श्रीमती माधवी शर्मा, पीपीएस और एसीपी मॉडल टाउन श्री मनमोहन सिंह, पीपीएस की मौजूदगी में कॉन्फ्रेंस हॉल, जालंधर में शहर के रेस्टोरेंट, होटल, बार, कैफे एवं अन्य खान-पान प्रतिष्ठानों के मालिकों व प्रबंधकों के साथ बैठक की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा किसी भी अप्रिय गोलीबारी की घटना को रोकना रहा। इस दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत पुलिस कमिश्नर जालंधर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार रेस्टोरेंट और बार को ‘हथियार-मुक्त जोन’ (No Firearm Zones) घोषित करने संबंधी आदेशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के मालिकों और प्रबंधकों को बताया कि वे अपने रेस्टोरेंट, होटल, बार, कैफे अथवा अन्य खान-पान प्रतिष्ठान को हथियार-मुक्त जोन के रूप में पंजीकृत करवा सकते हैं। इसके लिए निर्धारित सरल प्रक्रिया के तहत एक छोटा-सा फॉर्म भरना होगा।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ एक-एक करके बातचीत करते हुए इस पहल की प्रक्रिया और इसके महत्व की विस्तार से जानकारी दी। वहीं, प्रतिष्ठान संचालकों ने आदेशों को लागू करने के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और चिंताओं से भी पुलिस अधिकारियों को अवगत करवाया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिया।
पुलिस की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई व्यक्ति हथियार-मुक्त जोन के दिशा-निर्देशों का पालन करने से इनकार करता है या प्रतिष्ठान में हथियार लेकर आता है, तो संचालकों को पुलिस की ओर से पूरा सहयोग और आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने सभी रेस्टोरेंट, होटल, बार, कैफे और अन्य खान-पान प्रतिष्ठानों के मालिकों एवं प्रबंधकों से इस पहल में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से शहर में नागरिकों और आने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और बेहतर माहौल सुनिश्चित किया जा सकता है।
![]()
