भाजपा में अर्जुन त्रेहन की सम्मानपूर्वक घर वापसी, जिला कार्यालय में हुआ स्वागत टिकट विवाद के बाद 16 दिसंबर 2024 को हुए थे निष्कासित, करीब दो साल बाद फिर थामा भाजपा का दामन

जालंधर, (विष्णु): भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता एवं अधिवक्ता अर्जुन त्रेहन ने मंगलवार को भाजपा में वापसी करते हुए पार्टी की सदस्यता दोबारा ग्रहण कर ली। शीतला माता मंदिर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की, पूर्व सीपीएस कृष्ण देव भंडारी और राजेश कपूर की मौजूदगी में उन्हें पार्टी में शामिल किया गया। इस दौरान संगठन के नेताओं ने उनका स्वागत किया।
एबीवीपी से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
अर्जुन त्रेहन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की थी। छात्र राजनीति से आगे बढ़ते हुए उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा और भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वह भाजपा युवा मोर्चा पंजाब के प्रदेश मीडिया प्रभारी, भाजपा पंजाब के सह-प्रोटोकॉल इंचार्ज और श्री मुक्तसर साहिब के प्रभारी सहित कई संगठनात्मक पदों पर काम कर चुके हैं।
नगर निगम चुनाव में टिकट विवाद बना था निष्कासन की वजह
नगर निगम चुनाव-2024 के दौरान टिकट वितरण को लेकर भाजपा के भीतर मतभेद सामने आए थे। अर्जुन त्रेहन भी जालंधर नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक थे, लेकिन पार्टी ने उनकी दावेदारी वाली सीट से दूसरे नेता को टिकट दे दिया। त्रेहन ने उम्मीदवार के चयन को लेकर आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि संबंधित उम्मीदवार पूर्व में किसान आंदोलन के दौरान उनके परिवार और आवास के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों से जुड़ा रहा था।
टिकट आवंटन को लेकर उपजे विवाद के बाद पार्टी ने 16 दिसंबर 2024 को अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अर्जुन त्रेहन को पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल समेत 11 अन्य नेताओं के साथ निष्कासित कर दिया था।
निष्कासन के बाद भी नहीं थामा किसी दूसरे दल का दामन
अर्जुन त्रेहन की राजनीतिक यात्रा का एक अहम पहलू यह रहा कि निष्कासन के बाद उन्होंने किसी अन्य राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं ली। वह सार्वजनिक रूप से भाजपा की विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते रहे और पार्टी के समर्थन में सक्रिय रहने की बात कहते रहे।
वापसी से संगठन में नई भूमिका पर निगाहें
जिला भाजपा अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की और पूर्व सीपीएस कृष्ण देव भंडारी की मौजूदगी में हुई उनकी वापसी को संगठन में उनकी दोबारा सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा में विभिन्न संगठनात्मक पदों पर काम कर चुके त्रेहन की वापसी के बाद अब पार्टी में उनकी आगामी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
भाजपा में दोबारा शामिल होने के बाद अर्जुन त्रेहन ने कहा कि संगठन और राष्ट्रहित हमेशा उनकी प्राथमिकता रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *