


जालंधर, 16 सितंबर (विष्णु): सोशल मीडिया पर हथियारों के खुले प्रदर्शन से संबंधित वायरल वीडियो का जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पंजाबी गायक हरिंदर पाल सिंह निज्जर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एडीसीपी-1 जालंधर मुख़्तियार राय, PPS ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट/वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गायक हरिंदर पाल सिंह निज्जर एक निजी कॉलेज में गाने की शूटिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसके साथियों द्वारा कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन किए जाने की बात सामने आई है।
मामले में थाना डिवीजन नंबर-1, जालंधर में FIR नंबर 304/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने BNS की धारा 223 और 190 तथा Arms Act की धारा 25-30 के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कानून के अनुसार की जा रही है।
एडीसीपी-1 ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करने अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के अवैध प्रदर्शन को बढ़ावा न दें और न ही ऐसी गतिविधियों में शामिल हों। यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
![]()
